रुद्रपुर। कारगिल विजय शौर्य दिवस पर अधिकारियों ने योद्धाओं के साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल में अधिकारियों व भूतपूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जिले के हवलदार पदम राम व राइफलमैन अमित नेगी के चित्रों पर पुष्पचक्र और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कारगिल युद्ध में घायल हुए मान सिंह मेहता को अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
रविवार को हुए कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एसपी सिटी डाॅ. उत्तम सिंह नेगी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम मनीष बिष्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
विधायक ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य पराक्रम, अटूट संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। हमारे वीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और देश की अखंडता एवं सम्मान की रक्षा की।
कार्यक्रम में वायुसेना के एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) केडी सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। डीएम ने कारगिल दिवस के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा सर्वोपरि है। इस मौके पर शिक्षण संस्थाओं की ओर से कारगिल युद्ध/देशभक्ति से संबंधित चित्रकला, निबंध एवं भाषण और खेल विभाग की ओर से आयोजित क्राॅस कंट्री प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।