काशीपुर। कुमाऊं कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपने भाई और उसके साथियों पर उसके घर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
कुमाऊं कॉलोनी गड्ढा कॉलोनी निवासी मंगली सिंह पुत्र स्व. मवासीराम ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि बीती 24 फरवरी की शाम लगभग साढ़े पांच बजे उसका भाई सूरज चौहान निवासी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद उसके घर पर अपने साथ सूरज सैन, हरविंदर सिंह व डॉ. मुनेश निवासीगण ठाकुरद्वारा को लेकर आया। कहने लगा कि यह घर खाली करो, घर हमने खरीद लिया है। मंगली सिंह ने बताया कि जब उसने कहा कि इस मकान और जमीन का विवाद काशीपुर कोर्ट में विचाराधीन है और बिना कोर्ट आदेश के मकान कैसे ले सकते हो। इस बात पर उसका भाई सूरज चौहान, सूरज सैन व हरविंदर सिंह ने उसके व परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हरविंदर सिंह कहने लगा कि यह मकान व उसके पीछे की जमीन मैंने सूरज सैन से खरीद ली है। जब उसने इसका विरोध किया तब उन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया की मारपीट में उसके चोट आई हैं और उसकी पत्नी के कपड़े फट गए। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव कराया। तब हमलावर उसका भाई व अन्य साथी उन्हें धमकी दे गए कि मकान खाली नहीं करोगे तो वह उन्हें जान से मार देंगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सूरज सैन, सूरज चौहान, हरविंदर सिंह व डॉ. मुनेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।