काशीपुर, शहीद हवलदार मुकेश कुमार का फाईल फोटो।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। अरुणाचल के बोमडिला में तैनात कुमाऊं रेजीमेंट के हवलदार मुकेश कुमार ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। उनकी शहादत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शहीद की पार्थिव देह मंगलवार रात तक काशीपुर पहुंचने की बात कही जा रही है।
जिला मुरादाबाद के थाना डिलारी के ग्राम गक्खरपुर निवासी मुकेश कुमार (38) पुत्र स्व. ओमप्रकाश 9 कुमाऊं रेजीमेंट में हवलदार थे। करीब 10 वर्ष पूर्व वह काशीपुर के ग्राम नंदरामपुर में मकान बनाकर रहने लगे थे। इसी गांव में उनकी ससुराल भी है। तीन वर्षों से मुकेश अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला में तैनात थे। रविवार दोपहर करीब तीन बजे यूनिट के अधिकारियों ने मुकेश के बड़े पुत्र विशाल कुमार को सूचना दी कि तुम्हारे पिता की हालत गंभीर है। करीब आधे घंटे बाद यूनिट से उसे पिता की शहादत की जानकारी दी गई।
मृतक के साले प्रधान पति रोहित कुमार ने बताया कि हवलदार मुकेश की मौत के कारण का स्पष्ट पता नहीं चला है। फिलहाल आग लगने के कारण उनकी मौत होने की बात कही जा रही है। मृतक के परिवार में पत्नी नीलम और दो पुत्र विशाल (18) एवं ऋषभ (15) है। उसके भाई मुनेश कुमार का रानीखेत में निजी व्यवसाय है जबकि दोनों बहनें बबली और कविता विवाहित हैं। मंगलवार रात तक हवलदार का शव काशीपुर पहुंचने की बात कहीं जा रही है।
4 अप्रैल 2021 को होना था सेवानिवृत्त
काशीपुर। शहीद हुए हवलदार मुकेश कुमार को चार अप्रैल 2021 को सेवानिवृत्त होना था। मुकेश का इरादा सेवानिवृत्त होने के बाद अपना कारोबार करने का था। मुकेश की इच्छा थी कि उनके दोनों बेटे बेहतर शिक्षा ग्रहण कर प्रशासनिक सेवा में जाकर देश सेवा करें। उनके पिता ओमप्रकाश भी फौज में थे। वह रानीखेत कैंट छावनी से सेवानिवृत्त हुए थे। तीन वर्ष पूर्व ही मुकेश के पिता का निधन हुआ है।