काशीपुर। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला का संतुलन बिगड़ने की वजह से वह गिर गई। वहां पर तैनात जीआरपी कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया। इसके बाद महिला व उसका परिवार बस से दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
रेलवे स्टेशन से रोजाना सुबह सवा दस बजे दिल्ली के लिए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जाती है। सोमवार को ट्रेन से दिल्ली जाने के लिए एक परिवार रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। ट्रेन अपने निर्धारित समय पर चलने लगी थी। आनन-फानन में परिवार की एक महिला ने चलती ट्रेन में बैठने की कोशिश की। जल्दबाजी में महिला चलती ट्रेन से गिर गई। इसी बीच वहां मौजूद जीआरपी कर्मियों ने महिला को खींचते हुए उसे ट्रेन की चपेट में आने से बचा लिया। हादसे में महिला के दोनों पैर चोटिल हो गए।
जीआरपी कर्मियों ने महिला व उसके परिवार को चलती ट्रेन में नहीं चढ़ने की हिदायत दी। इसके बाद परिवार बस से दिल्ली रवाना हो गया। जीआरपी थाना प्रभारी तरन्नुम मलिक ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला को बचाया। महिला पूरी तरह से सकुशल है और रोडवेज बस से दिल्ली के लिए चली गई।