रुद्रपुर में रेलवे फाटक की मरम्मत के चलते शुक्रवार को रुद्रपुर और हल्द्वानी के बीच आवाजाही बाधित रहेगी। छतरपुर-हल्दी रोड रेलवे स्टेशनों के मध्य रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक सुबह आठ से रात 10 बजे तक बंद रहेगा। इस वजह से 14 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्ततनगर मंडल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) संतोष कुमार ने बताया कि हल्द्वानी के लिए वाहनों की आवाजाही लालकुआं मार्ग से होगी। उन्होंने रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य चलने के कारण यातायात बाधित रहने की सूचना पुलिस अधीक्षक यातायात को भी दी है। रेल संरक्षा हित को ध्यान में रखते हुए सड़क को निर्धारित तिथि और समय में यातायात के लिए बंद रखने की अनुमति प्रदान करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को रुद्रपुर शहर और छतरपुर रेलवे स्टेशनों के मध्य दिनेशपुर मार्ग पर अशोक लेलैंड कंपनी के समीप स्थित रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य किया जाना है। मरम्मत कार्य होने पर 29 को सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक फाटक से वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाएगी। बताया कि दिनेशपुर के लिए वाहनों की आवाजाही काशीपुर रोड से होगी।