नोएडा स्थित गेल कंपनी के अफसर-कर्मचारियों की टूरिस्ट बस सामने से आ रही कार से टकराकर खड्ड में पलट गई। हादसे में बस में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। बस में 28 लोग सवार थे।
हादसा सोमवार की देर शाम नमूना गांव के पास हुआ। कौसानी और नैनीताल से घूमकर लौट रहे पर्यटकों की बस (डीएल1पीसी 5954) स्टेट हाईवे पर सामने से आ रही कार से टकराने के बाद पलट गई। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ओर पुलिस कर्मियों ने बस के बीच दबे घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस से सीएचसी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
डाक्टरों ने दिल्ली निवासी मंजू शर्मा (58) पत्नी एसके शर्मा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में स्मृति रेखा, अजेेष्णु, कविता, समृद्धि, गौतम, डीएस पासवान, ऊषा खेतान, सुरेश खेतान, पशुराम चौरसिया, सुनील हलदर, राजीव अग्रवाल, सुरेश खेतान, शिवाजी बसु, एसके शर्मा, गौतम सेकिया, एमके सोगानी, मनीष कुमार सोगानी सहित बीस पर्यटक घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर मनीष सोगानी, पीएस पासवान, गौतम सेकिया, एसके शर्मा, स्मृति, अजेष्णनु, कविता, स्मृद्धि को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
सूचना पर एसडीएम पीएस राणा, सीओ जीसी टम्टा, कोतवाल बीएस धौनी, भाजपा नेता राजेश कुमार सहित अन्य समाजसेवियों ने सीएचसी जाकर घायलों की कु शलक्षेम पूछी।
इधर, हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस वाहनों को संपर्क मार्ग और हाइवे से हटाकर जाम खुलवाया।