पुणे में विजेता पहलवानों के साथ अतिथि।
- फोटो : amar ujala
अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर ग्राम जमौर खटीमा निवासी गुलाम नवी ने ‘खेलो इंडिया खेलो’ में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। गुलाम ने भारोत्तोलन के 67 किलो वर्ग में दो कैटेगरी में 279 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। स्नैच में गुलाम ने 120 किलोग्राम, जबकि क्लीन एंड क्लियर जर्क में 159 किलोग्राम वजन उठाया।
सात जनवरी से शुरू हुई खेलो इंडिया खेलो राष्ट्रीय प्रतियोगिता 20 जनवरी तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के सात पहलवानों ने भी प्रतिभाग किया। बृहस्पतिवार को गुलाम नवी ने 67 किग्रा भार वर्ग में प्रतिभाग कर यह उपलब्धि हासिल की। गुलाम खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले पहले चैंपियन बने हैं।
प्रतियोगिताओं का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर दिखाया जा रहा है। खटीमा के जमोर गांव के रहने वाले मो. नवी की तीसरी संतान गुलाम नवी जूनियर और सीनियर चैंपियन के अलावा हाल ही में भारतीय सेना में शामिल होने के बाद सर्विसेज के भी चैंपियन बन गए हैं।
गुलाम छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर के हैं। उनसे बड़ा भाई भी वेटलिफ्टर है और नेशनल चैंपियन है। लेकिन विडंबना यह है कि बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से वह कचरी का ठेला लगाकर गुजारा करता है।