रुद्रपुर। जीएसटी में बदलाव के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बिक्री में तेजी आ गई है। त्योहारी सीजन में सामानों की खरीद के लिए शहर की दुकानों पर ग्राहकों का हुजूम उमड़ रहा है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ से दुकानदार भी उत्साहित हैं। दुकानदारों के मुताबिक जीएसटी 2.0 के तहत हुए बदलाव के कारण ग्राहकों को कई जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में जीएसटी में 10 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है। इस कटौती से ग्राहकों को राहत तो मिल ही रही है। इसके साथ कंपनियों ने भी ग्राहकों के लिए किफायती स्कीमें भी त्योहारी सीजन को देखते हुए लागू कर दिया है।
एयर कंडीशनर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, डिसवाशर, 32 इंंच से बड़ी टीवी सहित तमाम उपकरणों पर लगने वाली 28 प्रतिशत तक जीएसटी को घटा कर महज 18 प्रतिशत कर निर्धारित कर दिया गया है। दुकानदार अभिषेक ढिंगरा ने बताया कि जीएसटी कटौती से सामानों के रेट कम होने से ग्राहकों को अच्छा फायदा पहुंचा है। एक वॉशिंग मशीन जो 30 हजार की आती थी, अब उसकी कीमत घट कर 27 हजार रह गई है। इस कटौती से मध्यम वर्ग के लोगों के लिए खरीदारी बहुत आसानी हो गई है।
आम लोगों को मिली राहत
- इलेक्ट्रानिक उपकरण जो पहले काफी महंगे थे वह, अब आम लोगों की पहुंच में हैं। कई दिनों से फ्रिज और एसी लेने की योजना बन रही थी। अब जीएसटी की बदलाव और कंपनियों की स्कीम से यह लेना आसान हो गया है।- प्रवीन चौहान, ग्राहक।
- सामानों पर रेट कम होने के चलते और कंपनी की स्कीम की बदौलत बड़ा फ्रिज, वाशिंग मशीन और 42 इंच की टीवी ले पाए। जो टीवी पहले 60 हजार की थी अब उसका रेट करीब 48 हजार हो गई है। -राहुल ग्रोवर, ग्राहक।