काशीपुर। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। ब्यूटीशियन और फैशन डिजाइनिंग कोर्स में छात्राओं और महिलाओं के प्रवेश लगातार बढ़ रहे हैं। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
केंद्र प्रभारी विक्रम जयंत ने बताया कि स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम के तहत संचालित ब्यूटीशियन, कंप्यूटर और फैशन डिजाइनिंग कोर्स को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 50 महिलाओं को कंप्यूटर और 50 को ब्यूटीपार्लर का प्रशिक्षण दिया गया था। अब नए बैच में फैशन डिजाइनिंग को भी जोड़ा गया है जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं आवेदन कर रही हैं। प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रमाण पत्र के साथ ब्यूटीशियन कोर्स करने वाली महिलाओं को किट भी प्रदान की जाती है। इससे वह स्वरोजगार कर आय अर्जित कर सकती हैं। एनएसआईसी का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं बल्कि उन्हें बुटीक, पार्लर या कंप्यूटर सेंटर खोलकर परिवार की आर्थिक मदद करने के काबिल बनाना है। एनएसआईसी का यह स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस तरह के प्रशिक्षण से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकेंगी बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना सकेंगी।