रुद्रपुर। गृह मंत्री अमित शाह के 19 जुलाई को रुद्रपुर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। एक लाख करोड़ के निवेश ग्राउंडिंग सेरेमनी कार्यक्रम के लिए भाजपा भी तैयारियों में जुटी है।
महापौर विकास शर्मा ने बुधवार को भाजपा के शहीद भगत सिंह मंडल के कार्यकर्ताओं एवं लोहा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम का आमंत्रण देने के साथ ही उसकी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में ग्राउंडिंग सेरेमनी कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसे भव्य और दिव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है। यह कार्यक्रम उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नये द्वार भी खोलेगा। गृह मंत्री का इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचना सभी के लिए गर्व की बात है।
धामी सरकार के प्रयासों से वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग हो चुकी है। यह निवेशकों के राज्य के प्रति बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। यह आयोजन स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करेगा और उत्तराखंड की आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
इस समारोह में देश भर से निवेशक शामिल होंगे। उत्तराखंड में निवेश करने वाले उद्यमियों से फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही एमओयू करने वाले निवेशकों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, लोहा व्यापार मंडल अध्यक्ष बजरंग लाल गर्ग, मनोज गोयल, नितिन गोयल, अमित वासन, मयंक अरोरा, सन्नी गगनेजा, शिवकुमार गर्ग आदि मौजूद रहे।