नानकमत्ता। शादी की पार्टी में डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद में दूल्हे के तहेरे भाई ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दो बरातियों को घायल कर दिया। कार से भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया।
घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, तीन कारतूस के खोखे और चार कारतूस बरामद कर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने आरोपी के पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की भी संस्तुति कर डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
बुधवार को नानकसागर पार के ग्राम विही ठेरा निवासी प्रकाश जोशी पुत्र स्व. हरि जोशी की बरात ग्राम रतनपुर गई थी। शाम को दूल्हे के घर पर चल रही पार्टी में डीजे पर डांस के दौरान दूल्हे के तहेरे भाई लोहियाहेड रोड खटीमा निवासी मदन सिंह भंडारी ने लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी।
इसका विरोध करने पर मदन का गांव के जीवन चंद से विवाद हो गया।
इस पर जीवन के मामा सूरज चंद पुत्र मदन चंद अपने नानकमत्ता निवासी मित्र योगेश भंडारी पुत्र दौलत सिंह भंडारी के साथ बचाव करने पहुंचे। आक्रोशित मदन भंडारी ने पिस्टल से दो फायर कर दिए। एक फायर सूरज के गले और दूसरा फायर योगेश के चेहरे को छूते हुए निकल गया। गंभीर रूप से घायलों को परिजनों ने खटीमा नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सूरज की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट पुलिस टीम के साथ पहुंचे और कार (यूके06एसी-9091) से भाग रहे मदन को झनकट के पास पकड़ लिया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, तीन कारतूस के खोखे और चार कारतूस मिले।
पुलिस ने घायल सूरज के चाचा विही ठेरा निवासी भानी चंद पुत्र दशक चंद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मौके पर थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई भगवान गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल रोहित चौधरी, मनोज बोरा आदि थे।