खटीमा। ग्रिड फेल होने से लोहियाहेड पावर हाउस की तीन टरबाइन शुक्रवार दोपहर ट्रिप कर गईं। इससे करीब एक घंटे तक संपूर्ण खटीमा नगर, ग्रामीण और इंडस्ट्री फीडर में बत्ती गुल हो गई। पावर हाउस के डीजीएम ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे से दो बजे तक बिजली उत्पादन ठप रहा।
बता दें कि खटीमा नगर, ग्रामीण और इंडस्ट्रीज फीडर को लोहियाहेड पावर हाउस के ग्रिड से बिजली सप्लाई की जाती है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अचानक ग्रिड फेल होने से लोहियाहेड पावर हाउस की तीनों टरबाइनें ट्रिप कर गईं। डीजीएम महकार सिंह ने बताया कि ग्रिड वोल्टेज डाउन होने से मशीनें ट्रिप कर गईं और उत्पादन ठप हो गया। वर्तमान में तीनों टरबाइनें पूरी क्षमता से कुल 40 से 41 मेगावाट प्रतिदिन उत्पादन कर रही हैं। इधर, ऊर्जा निगम के एई पंकज उप्रेती ने बताया कि पावर हाउस की मशीनें ट्रिप होने से संपूर्ण क्षेत्र में एक घंटा बिजली आपूर्ति बाधित रही।