रुद्रपुर। विधायकों को मंत्री बनाने के लिए करोड़ों रुपये मांगने वाले गैंग ने मणिपुर के विधानसभा अध्यक्ष और एक विधायक से भी संपर्क साधकर उन्हें ठगने की कोशिश की थी।
मणिपुर में दर्ज दो मुकदमों के संबंध में वहां से एक पुलिस टीम रुद्रपुर पहुंची। यूएस नगर एसएसपी से मुलाकात कर जेल में बंद गैंग के मुखिया गौरवनाथ और उवैश के बारे में जानकारी ली। मणिपुर से आई टीम आरोपियों से पूछताछ के लिए वारंट बी लेने की तैयारी में है।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के मोबाइल फोन नंबर पर 13 फरवरी को एक युवक ने काॅल कर खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताकर मंत्री बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे। 18 फरवरी को पुलिस ने उवैश अहमद निवासी खोडा काॅलोनी थाना खोडा (गाजियाबाद) को ब्लाॅक रोड रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी प्रियांशु पंत हरिद्वार पुलिस के हत्थे चढ़ा।
23 फरवरी को एसओजी और कोतवाली पुलिस ने अभियुक्त गौरव नाथ को दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। उसने क्लब जाने, जुआ और नशे के शौक पूरे करने के लिए ठगी के प्रयास की बात कबूली। गौरवनाथ ने बताया कि उसने दिल्ली और मणिपुर के विधायकों को भी कॉल किए थे।