काशीपुर। मोहल्ला पक्काकोट स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में सोमवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) पहुंचेंगे। वह यहां सुबह लगभग 11:30 बजे पहुंचकर साहिब में मत्था टेकेंगे और परिसर के सरोवर आदि का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुरादाबाद रोड स्थित मंडी गेस्ट हाउस में जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर रविवार को पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, एसपी अभय सिंह, सीओ दीपक सिंह, कोतवाली प्रभारी अमर चंद्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ गुरुद्वारा परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही उनके आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुरुद्वारा प्रबंधन से तैयारियों के संबंध में बातचीत की। संवाद