जसपुर में सड़क किनारे पलटी जीएम चीनी मिल की कार।
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्र्रयास में चीनी मिल के जीएम की कार सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी के पीछे आ रहे मिल कर्मियों ने कार सवारों को निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
शुक्रवार रात को चीनी मिल के जीएम आरके सेठ, सीसीओ एके सिंह, डिप्टी चीफ इंजीनियर परमिंदर सिंह, गन्ना अधिकारी पीके दुबे समेत पांच लोग कार में जसपुर के होटल में खाना खाने आए थे। साथ ही दूसरी कार में भी कुछ मिल कर्मी सवार थे।
देर रात वापसी के समय कार को जीएम चला रहे थे। फीका नदी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में पांचों लोग जख्मी हो गए।
इस बीच दूसरी गाड़ी में सवार मिल कर्मियों ने सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया। जीएम आरके सेठ ने बताया कि ट्रक से बचने के कारण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई।