सितारगंज। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बजाय 25 दिन में ही गैस बुकिंग हो सकेगी। साथ ही डीएम के होम डिलीवरी आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बुधवार को शक्तिफार्म स्थित टैगोर नगर दुर्गा मंदिर प्रांगण में एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ता सुबह से ही लंबी लाइन में खड़े दिखाई दिए। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के साथ कतार में खड़े कुछ उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिला और जिन्हें नहीं मिला उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
दूसरी तरफ एसडीएम रविंद्र जुवांठा ने सितारगंज, नानकमत्ता और शक्तिफार्म के गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर सिलिंडर की डिलीवरी कराने की व्यवस्था करें ताकि उपभोक्ताओं को बेवजह समस्याओं का सामना न करना पड़े।
वहीं पूर्ति निरीक्षक डीएस धामी ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण गैस एजेंसी को भी अब 45 दिन के बजाय 25 दिन में ही गैस बुकिंग करने के निर्देश दिए हैं। इससे अब उपभोक्ता शहरी और ग्रामीण दोनों गैस एजेंसी में 25 दिन के बाद दोबारा गैस बुकिंग करा सकेंगे। संवाद
डीएम के आदेश का असर, स्थिति हुई सामान्य
रुद्रपुर। डीएम नितिन सिंह भदौरिया के आदेश का असर अब एलपीजी सिलिंडर वितरण केंद्रों पर दिखने लगा है। मंगलवार को जहां बिलासपुर हाईवे पर भारत गैस एजेंसी और रुद्रपुर में इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ी थीं। वहीं बुधवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। अधिकांश लोग अब घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से अपने एलपीजी सिलिंडर प्राप्त कर रहे हैं। इससे गैस एजेंसियों के बाहर लगने वाली भीड़ और लंबी लाइनों में कमी आई है।