काशीपुर के शिवलालपुर अमरझंडा में बनाई गई प्लास्टिक प्रबंधन इकाई। - संवाद
रुद्रपुर। जिले के गांवों को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर व काशीपुर ब्लॉक में 38.68 लाख रुपये के बजट से प्लास्टिक प्रबंधन इकाई बनकर तैयार हो गई हैं। स्वजल की ओर से सातों ब्लॉक को प्लास्टिक कूड़ा उठाने के लिए एक माह पूर्व ही हाईड्रोलिक कूड़ा वाहन भी उपलब्ध करा दिए गए हैं लेकिन चालक नहीं मिलने से गांव से प्लास्टिक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है।
स्वजल परियोजना की ओर से स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना की ओर से 214 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कलेक्शन सेंटर (अजैविक स्टोर) बनाए जा रहे हैं। इनमें गांवों में जगह-जगह फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन आदि रिसाइकल होने वाले अजैविक कचरे को रखा जाएगा। प्लास्टिक कलेक्शन सेंटर से अजैविक कचरे को हाईड्रोलिक वाहनों के जरिए रुद्रपुर के खमिया नंबर-1, गदरपुर के सरोवर नगर, बाजपुर के बरवाला व काशीपुर के शिवलालपुर अमरझंडा में बनाए गए प्लास्टिक प्रबंधन इकाई में लाया जाएगा लेकिन अभी तक कूड़ा वाहन चलाने के लिए चालकों को नहीं रखा गया है। इसके चलते प्लास्टिक प्रबंधन इकाई में लगे कॉम्पैक्टर से प्लास्टिक व पॉलीथिन को सुगठित किया जाना है। स्वजल के परियोजना प्रबंधक हिमांशु जोशी ने बताया कि स्वजल की ओर से ही वाहन व प्लास्टिक प्रबंधन इकाई का निर्माण किया गया है। कूड़ा उठाने का जिम्मा जिला पंचायत या क्षेत्र पंचायत को है।