रुद्रपुर कलक्ट्रेट परिसर में तैनात पुलिस बल। -संवाद
रुद्रपुर। बाजपुर के 20 गांवों के किसानों की 5438 एकड़ जमीन को बचाने के लिए चल रहे आंदोलन को किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने बुधवार को कांग्रेसियों के साथ समर्थन दिया। उन्होंने सरकार पर किसानों की जमीन छीनने के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने एलान किया कि इस मुद्दे को वह विधानसभा में उठाने के साथ ही तराई में व्यापक जन आंदोलन चलाएंगे। इसके बाद उन्हें डीएम उदयराज सिंह के हाथ में राखी बांधकर किसानों की इस समस्या के निस्तारण की मांग की।
रुद्रपुर कलक्ट्रेट गेट पर सुबह 11 बजे से किसानों के समर्थन में किच्छा विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ किसानों की चिंता का दिखावा करती है और धरातल पर किसानों का शोषण हो रहा है। बेहड़ ने कहा कि पूर्व डीएम ने आदेश जारी कर बाजपुर के 20 गावों के किसानों से सभी अधिकार छीन लिए। किसान अपनी जमीन पर ऋण नहीं ले सकते हैं और उन पर बेदखली का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने तत्कालीन डीएम के आदेश को निरस्त करने की मांग की। वहां पर परिमल राय, संजय मुंजाल, सुभाष बेहड़, विक्रमजीत सिंह, गौरव बेहड़, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, दर्शन कोली, हरीश बावरा आदि थे। इधर, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलक्ट्रेट के आसपास व्यापक पुलिस बल तैनात था।
दो लोगों पर जमीनों की दलाली का आरोप
रुद्रपुर। विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि जिले में जमीनों के नियमितिकरण और फ्री होल्ड आदि के लिए अधिकारी खुलेआम पैसा मांग रहे हैं। बगैर पैसे के फाइल आगे नहीं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रुद्रपुर के आवास विकास और गल्ला मंडी के दो लोग इस काम की दलाली कर रहे हैं। बेहड़ ने कहा कि शीघ्र वह इन दोनों के नामों का खुलासा करेंगे। सं