गदरपुर। गदरपुर प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर गदरपुर क्रिकेट क्लब चैंपियन बना। जीआईसी परिसर में आयोजित फाइनल मुकाबला गदरपुर क्रिकेट क्लब और एसके वॉरियर्स के बीच खेला गया।
मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, विशिष्ट अतिथि रहे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा और दिनेशपुर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष काबल सिंह विर्क ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टॉस जीतने के बाद गदरपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 177 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी एसके वॉरियर्स की टीम 19.5 ओवर में 164 बनाकर ऑल आउट हो गई। गदरपुर क्रिकेट क्लब ने 13 रन से मैच जीत लिया।
रामसेवक को 25 गेंदों में शानदार 66 रन बनाने पर प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये और उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहां सुमित शर्मा, मोहित घुघतियाल, एकम बेहड़, मो. फैयद, शिवम गाबा, गुरविंदर सिंह, परमजीत सिंह आदि थे।