मुख्य सचिव एसएस संधू ने मंगलवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचकर 28 से 30 मार्च तक रामनगर में प्रस्तावित जी-20 समिट के राउंड टेबल सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के अधिकारियों की बैठक ली। आयोजन से संबंधित सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने एयरपोर्ट निदेशक को एयरपोर्ट की कार्ययोजना तैयार कर उसके सौंदर्यीकरण कर उसे भव्य और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार एयरपोर्ट में मरम्मत, रंग रोगन व प्रसाधन की व्यवस्था करने के लिए भी कहा। सुरक्षात्मक दृष्टि से हेंगर, लांज व अन्य स्थलों पर सीसीटीवी लगाने के लिए भी कहा।
मुख्य सचिव संधू ने कहा कि राज्य के लिए यह गौरव का पल है कि राज्य में जी-20 समिट की तीन बैठकें होंगी। रामनगर में होने वाले राउंड टेबल सम्मेलन में विदेशों से टॉप वैज्ञानिक शामिल होंगे। तीन दिवसीय आयोजन कि आखिरी दिन चीफ साइंस टेबल राउंड कांफ्रेंस होगी। उन्होंने मंडलायुक्त दीपक रावत को सम्मेलन में आने वाले आगंतुकों के लिए लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने एयरपोर्ट सहित, डेलीगेट्स की एयरपोर्ट से रामनगर तक की यात्रा के दौरान एंबुलेंस व रामनगर में डॉक्टर्स व विशेषज्ञों की टीम भी तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही आसपास के चिकित्सालयों को भी हाई अलर्ट पर रखने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। पुलिस प्रशासन को सटीक मूवमेंट, ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा।
विदेशी डेलीगेट्स को दिखाई जाएगी उत्तराखंडी संस्कृति की झलक
मुख्य सचिव ने निदेशक संस्कृति विभाग को राज्य की संस्कृति की झलक से विदेशी डेलीगेट्स को रूबरू कराने के निर्देश दिए। रामनगर में जी 20 समिट के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखंड राज्य की वादियों के साथ ही संस्कृति (नृत्य, गान, परिवेश) से डेलीगेट्स को रूबरू कराया जाएगा। इससे राज्य को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी। इसके लिए निदेशक संस्कृति विभाग को कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चकाचक बनाई जाए पंतनगर-रामनगर सड़क
मुख्य सचिव संधू ने पंतनगर एयरपोर्ट से रुद्रपुर-दोराहा-बाजपुर गडप्पू-रामनगर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एनएच के अभियंताओं को सड़कों की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर साइनेज, आवश्यकतानुसार सुरक्षात्मक उपाय, सड़कों पर सही मार्किंग करने, डिवाइडर्स पेंट कराने, दूरी सूचक पत्थरों माइलस्टोन को सही कराने, आवश्यकता अनुसार मरम्मत व निर्माण कराने और रोड को चकाचक बनाने के निर्देश दिए।
आयोजन के व्यापक प्रचार प्रसार पर जोर
मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारी को जी 20 समिट के व्यापक प्रचार प्रसार के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक 20 किलोमीटर की दूरी पर होर्डिंग, बैनर व अन्य आउटडोर एक्टिविटी के माध्यम से समिट का व्यापक प्रचार किया जाए। मुख्य सचिव के भ्रमण के दौरान अपर प्रमुख सचिव आनंदवर्धन, सचिव आरके सुधांशु, डॉ. बीवी आरसी पुरुषोत्तम, डॉ पंकज पांडेय, मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी नीलेश आनंद भरणे, विनोद कुमार सुमन, पीसीसीएफ समीर सिंहा, सीसीएफ पीके पात्रो, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, युगल किशोर पंत, एसएसपी पंकज भट्ट, मंजूनाथ टीसी, यूकाडा के अपर सचिव अनिल गर्ब्याल सहित अन्य दोनों जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे थे।