रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के पिछले वित्तीय वर्ष के 54 करोड़ बजट के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए जिला योजना के बजट में 26 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। जिले को इस बार 68.67 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक में सरकारी विभागों के अधिकारियों ने 73 करोड़ रुपये की कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं। वर्चुअल माध्यम से बैठक लेते हुए जिला प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बजट का फाइनल अनुमोदन 29 अप्रैल को आगामी जिला योजना समिति की बैठक में किया जाएगा। जिला प्रभारी मंत्री जोशी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि आज सौर ऊर्जा का जमाना है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बजट को सर्वाधिक बढ़ाया जा रहा है। बैठक में जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान व जिला योजना समिति के कुछ सदस्यों ने अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला योजना में उनके प्रस्ताव शामिल नहीं किए जाते हैं। मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि समिति सदस्यों, विधायकों व जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शामिल किया जाए। उन्होंने समिति के प्रत्येक सदस्य से प्राथमिकता के आधार पर पांच-पांच योजनाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला योजना में हो रहे कार्यों की तीसरे पक्ष से जांच कराई जाए।
डीएम युगल किशोर पंत ने पेयजल निगम के अभियंताओं को निर्देश दिए कि दोबारा बोरिंग व मरम्मत कार्य के बाद जिला पंचायत व डीपीसी सदस्यों से उपयोगिता प्रमाणपत्र प्राप्त किया जाए। योजना समिति के एक सदस्य ने अवगत कराया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कतें आ रहीं हैं। इस पर डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि जिले में ब्लॉक स्तर पर एएनएम को नई व्यवस्था के बारे में जानकारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाए। वहां पर मेयर रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, नानकमत्ता विधायक गोपाल राणा, सीडीओ विशाल मिश्रा आदि थे।
युवा कल्याण विभाग पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
रुद्रपुर। जिला युवा कल्याण अधिकारी मोहन सिंह नागन्याल की ओर से अधिक बजट की मांग करने पर विधायक आदेश चौहान भड़क गए। उन्होंने कहा कि युवा कल्याण विभाग में खूब भ्रष्टाचार पनप रहा है। कहा कि पीआरडी जवानों की ड्यूटी हर छह माह में बदली जाती है, लेकिन विभाग में ही कई सालों से पीआरडी जवान कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके चलते दूसरे पीआरडी जवानों को ड्यूटी नहीं मिल पाती है।
बाघ के आतंक वाले गांव में लगनी चाहिए स्ट्रीट लाइट
रुद्रपुर। जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि उरेडा की ओर से उन गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगानी चाहिए, जहां बाघ का आतंक अधिक हैं। कई गांवों में अंधेरा होने पर बाघ दिखाई नहीं देता और ग्रामीणों पर हमला कर देता है। इधर, पार्षद मोहन खेड़ा ने आरोप लगाया कि उरेडा की लाइटें एक बार खराब हो जाती हैं तो फिर दोबारा नहीं लगती हैं। इस पर उरेडा के कर्मचारी ने बताया कि जिले में 3100 लाइटों की मांग है। गांवों में अधिक लाइट लगाने के लिए जिला योजना में ज्यादा बजट मिलना चाहिए। पार्षद खेड़ा ने फौजी मटकोटा इंटर कॉलेज की चहारदीवारी के निर्माण की भी मांग की।