काशीपुर। सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति को अंजान युवती से दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवती ने उससे तीन लाख 31 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम पैगा निवासी हरविंदर सिंह ने आईटीआई थाने में दी तहरीर में कहा कि कुछ समय पूर्व उसक फेसबुक पर प्रकृति मेहरा नाम की युवती की फ्रैंड रिक्वेस्ट आई थी। बीती 27 अक्तूबर को प्रकृति मेहरा ने उससे व्हाट्सएप पर चैट की और कुछ दिन बाद अपने कारोबार के बारे में बताया था। बताया कि उसकी ऑरचिड्स डिजाइनिंग स्टूडियो नाम से कंपनी है। वह क्रिप्टो और सोने में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाती है। वह कारोबार के मुनाफे का स्क्रीनशॉट भी उसको भेजती थी।
युवती ने उससे कूकॉइन एप डाउनलोड कराया था। इसके बाद उसे मुनाफे का लालच देकर यूएसडीटी ट्रेडिंग कराते हुए मुनाफे का 30 प्रतिशत अपना कमीशन बताया था। इस पर उसने ट्रेडिंग शुरू कर दी थी और दो खातों से 31 अक्तूबर से नौ नवंबर तक रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बाद उसे पता चला कि उससे साइबर ठगी की जा रही है। उससे तीन लाख 31 हजार 980 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।