तहसीलदार ने जांच में की पुष्टि, डीएम को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गदरपुर। गौरा कन्या धन योजना के फार्म में फर्जी आय प्रमाणपत्र लगाकर लाभ लेने का प्रयास किया गया। जब फार्मों की जांच की गयी तो करीब 14 फार्मों में फर्जी आय प्रमाण पत्र लगे पाये गये। तहसीलदार ने मामले की जांच के लिए डीएम को लिखा है।
गदरपुर ब्लाक क्षेत्र के अन्तर्गत लाभार्थियों ने गौरा कन्या धन योजना के लिए बाल विकास परियोजना में फार्म जमा किये थे। बाल विकास परियोजना ने जमा फार्मों को जांच के लिए तहसील कार्यालय भेजा तो उसमें 14 फार्मों में फर्जी आय प्रमाण पत्र लगे पाये गये। 12 फार्मों पर जमा कर्ताओं ने अपनी वास्तविक आय को छुपाते हुए आय प्रमाण पत्र पर फर्जी तरीके से एडिट कर प्रमाण पत्र लगाया गया था, जबकि दो फार्मों पर पर लगे आय प्रमाण-पत्र जाली पाये गये। जांच के बाद बाल विकास परियोजना विभाग ने फार्मों को निरस्त करते हुए अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। तहसीलदार पूजा शर्मा ने कार्रवाई के लिए डीएम को भेजा है। ज्यादातर आय प्रमाणपत्र नगर व क्षेत्र के सीएससी से बनवाए गए थे। फार्म भरने वालों ने उसमें छेड़छाड़ की थी। संवाद
इंसेट
अग्रिम आदेश आने पर की जाएगी कार्यवाही
गदरपुर। बाल विकास परियोजना अधिकारी बीना भंडारी ने कहा कि फार्मों में लगे आय प्रमाणपत्रों की तहसील से जांच करवाई गई थी। जिसमें 14 आय प्रमाण-पत्र फर्जी लगे होने की पुष्टि हुई है। इन प्रमाण-पत्रों को निरस्त कर विभाग के संबंधित उच्चाधिकारियों को सूची प्रेषित कर दी गयी है। अगले आदेश के बाद कार्रवाई होगी।