पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में वरिष्ठ भंडारक रजनीश कुमार पांडे पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के मामले में सीएम ने केस दर्ज करने की अनुमति दी है। वर्ष 2017 में फसल अनुसंधान केंद्र में भंडारक पद पर रहने के दौरान रजनीश का वहीं श्रमिक प्रभारी के पद पर कार्यरत विजय चौधरी से कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद ग्रेटर नोएडा निवासी आदित्य आनंद नाम के व्यक्ति ने विवि प्रशासन को पत्र लिखकर रजनीश पर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद विभागीय जांच में पुष्टि होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामला शासन को अग्रसारित कर दिया था। मामले में सतर्कता आयोग को जांच सौंपी गई। सतर्कता आयोग की सीओ संगीता ने रजनीश के पास 27 लाख रुपये की संपत्ति आय से अधिक पाई थी। जिसकी रिपोर्ट उन्हें शासन में सौंप दी थी। वर्तमान में रजनीश पांडे स्वयं सुरक्षा अभियान के नाम से एक संस्था बनाकर सेवानिवृत्त सैनिकों की मदद के लिए लोगों से एक रुपये प्रतिदिन भारतीय सेना के खाते में जमा करवाते हैं। जिसके वह स्वयं राष्ट्रीय संस्थापक अध्यक्ष हैं।
फर्जी पत्र के आधार पर मेरे खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सतर्कता विभाग ने ने जांच की है, जिसमें मैंने पूरा सहयोग किया है। जांचकर्ता ने मेरे खिलाफ 27 लाख रुपये की अधिक संपत्ति की व्याख्या की है। जबकि मेरे पिता के देहांत के बाद मिली धनराशि, मां की पेंशन व प्लाट की बिक्री से प्राप्त आय और मकान के किराए से प्राप्त आय अनुमानित 25-27 लाख रुपये जांचकर्ता ने त्रुटिवश जोड़ दिया है।
रजनीश पांडे वरिष्ठ भंडारक, पंतनगर विवि।