सिडकुल की रेकिट बेनकीजर कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे श्रमिकों की बोलेरो को टक्कर मारने के बाद हाइवा डंपर अनियंत्रित होकर बोलेरो पर पलट गया। इससे बोलेरो सवार ड्राइवर समेत 16 श्रमिक डंपर के नीचे दब गए। हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 12 श्रमिक घायल हो गए। बोलेरो के ड्राइवर की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रेकिट बेनकीजर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की शिफ्ट छूटी। रात दस से सुबह छह बजे तक ड्यूटी करने के बाद भूड़ा कैमोर थाना अमरिया जिला पीलीभीत (यूपी) के श्रमिक कंपनी की बोलेरो (यूए04डी-6169) से घर के लिए रवाना हो गए। तकरीबन 6:30 बजे बोलेरो नगर के बिज्टी चौराहा पहुंची। यहां अमरिया चौराहे की तरफ से आ रहे रेत से भरे ओवरलोड हाइवा डंपर (एचआर65-5036) ने बोलेरो को टक्कर मार दी और हाइवा अनियंत्रित होकर बोलेरो के ऊपर पलट गया। इससे बोलेरो में सवार 16 श्रमिक और ड्राइवर डंपर के नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। दुर्घटनास्थल पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से सभी श्रमिकों को बाहर निकाला और आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवा से सीएचसी में दाखिल कराया। हादसे में भूड़ा कैमोर निवासी हरचरन सिंह (50) पुत्र जरनैल सिंह, हरिशंकर (40) पुत्र पोतीराम, सीताराम (50) पुत्र पूरन लाल एवं शेर सिंह (19) पुत्र स्व. महेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं बोलेरो चालक हर्रायपुर थाना अमरिया निवासी शानू हुसैन, निसरा थाना जहानाबाद निवासी जुम्मा खां, भूड़ा कैमोर के मनोज कुमार, करन सिंह, कृष्णपाल, सुरेश चंद, सूरज पाल, बलवंत सिंह, हरिराम, गोविंदराम, अमित, ख्यालीराम घायल हो गए। इनका सीएचसी में इलाज चल रहा है। डॉक्टर जेसी शंखधर ने बोलेरो के ड्राइवर शानू की गंभीर स्थिति को देख उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया है।
कोतवाल बीएस भाकुनी ने हाइवा डंपर, क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया जबकि, हाइवा डंपर चालक मौके से फरार हो गया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेजा गया है। सीओ हरीश मेहरा, एसडीएम विनोद कुमार ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और हादसे की जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने सीओ, एसडीएम के समक्ष रोष जताया। एसडीएम ने कहा कि मृतक, घायलों को कंपनी से मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कोतवाल भाकुनी को आरोपी डंपर चालक को तत्काल गिरफ्तार करने, क्षेत्र में ओवरलोड वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।