जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रबंध परिषद में चार सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने पर चार नए सदस्यों को तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए नामित किया गया है। प्रतिष्ठित उद्योगपति श्रेणी में सुधीर चड्ढा के स्थान पर जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल को नामित किया गया है। राज्यपाल की अनुशंसा पर इस आशय के आदेश शासन के सचिव हरबंस सिंह चुघ ने जारी किए हैं।
पंतनगर विवि में नीतिगत निर्णयों के लिए कुलपति की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय प्रबंध परिषद गठित है। महिला समाज सेविका श्रेणी में विनीता बिष्ट के स्थान पर देहरादून की दिव्या रावत, प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक श्रेणी में डॉ. एएन मुखोपाध्याय के स्थान पर भारत सरकार के एग्रीकल्चर प्लानिंग कमीशन के पूर्व सलाहकार डॉ. वीवी सदामते को नामित किया है जबकि पशु प्रजनक श्रेणी में उत्तराखंड पशुपालन विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. एसएस बिष्ट को नामित किया है। इधर, जसपुर में अपने नर्सिंग होम पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंघल ने कहा कि वह कृषि क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करेंगे। वार्ता में सुरेंद्र चौहान, सुधीर बिश्नोई, तरुण गहलोत, डॉ सुदेश, सरवन सिद्धू, अंकुर सक्सेना आदि थे।