फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काल बनकर दौड़े वाहन: ऊधमसिंह नगर जिले में तीन हादसों में चार की मौत, दो दोस्तों की भी गई जान; परिवारों में शोक

Wed, 21 Oct 2026 12:10 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर

सार

ऊधमसिंह नगर जिले में तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। दिनेशपुर के दो दोस्त, ट्रांजिट कैंप निवासी दिशांत सरकार और बरेली निवासी लालता प्रसाद (32) शामिल हैं। हादसों से परिवारों में कोहराम और दिनेशपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।
 
विज्ञापन
ऊधमसिंह नगर जिले में तीन सड़क हादसों में चार की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें दो दोस्त भी शामिल हैं। हादसों की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं दिनेशपुर क्षेत्र में दो युवकों की मौत से शोक की लहर है।

दिनेशपुर के मोतीपुर वार्ड नंबर दो निवासी सुजल (18) पुत्र सुबल विशाल मेगा मार्ट में ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। उसका दोस्त समीर मंडल (25) पुत्र सहदेव मंडल छतरपुर की स्टील वर्ल्ड कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार देर रात करीब दो बजे दोनों बाइक से दिनेशपुर से किच्छा जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में समीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुजल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

दूसरी घटना में ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर पांच निवासी दिशांत सरकार (28) पुत्र रंजीत सरकार की जान चली गई। वह सोमवार रात दिनेशपुर में पूजा महोत्सव देखकर बाइक से घर लौट रहा था। हरिदासपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था।

विज्ञापन


तीसरे हादसे में उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पस्तौर निवासी लालता प्रसाद (32) पुत्र प्रेम शंकर की मौत हो गई। वह रेशमबाड़ी में किराये पर रहकर काम करता था और उसके दो बच्चे हैं। मंगलवार देर रात दोस्त के साथ बाइक से बहेड़ी जाते समय किच्छा रोड पर चंदोला अस्पताल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें