ऊधमसिंह नगर जिले में तीन सड़क हादसों में चार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें दो दोस्त भी शामिल हैं। हादसों की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं दिनेशपुर क्षेत्र में दो युवकों की मौत से शोक की लहर है।
दिनेशपुर के मोतीपुर वार्ड नंबर दो निवासी सुजल (18) पुत्र सुबल विशाल मेगा मार्ट में ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। उसका दोस्त समीर मंडल (25) पुत्र सहदेव मंडल छतरपुर की स्टील वर्ल्ड कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार देर रात करीब दो बजे दोनों बाइक से दिनेशपुर से किच्छा जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में समीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुजल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना में ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर पांच निवासी दिशांत सरकार (28) पुत्र रंजीत सरकार की जान चली गई। वह सोमवार रात दिनेशपुर में पूजा महोत्सव देखकर बाइक से घर लौट रहा था। हरिदासपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था।
तीसरे हादसे में उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पस्तौर निवासी लालता प्रसाद (32) पुत्र प्रेम शंकर की मौत हो गई। वह रेशमबाड़ी में किराये पर रहकर काम करता था और उसके दो बच्चे हैं। मंगलवार देर रात दोस्त के साथ बाइक से बहेड़ी जाते समय किच्छा रोड पर चंदोला अस्पताल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।