बीती 23 दिसंबर को काशीपुर शुगर मिल परिसर में तैनात गारद के साथ मारपीट कर सीज की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट ले जाने और हत्या करने की नीयत से बाइक को टक्कर मारकर उपनिरीक्षक को घायल करने में वांछित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली है। शुगर मिल में तैनात एपी गारद नरेंद्र कुमार ने 23 दिसंबर 2018 को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें कहा गया कि 22 दिसंबर को सीज कर शुगर मिल में खड़ी की गई दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए आईटीआई दभौरा मुस्तहकम निवासी जसविंदर सिंह उर्फ जस्सा, पलविंदर सिंह उर्फ गोलू, हरजीत सिंह उर्फ मंगा, अमरजीत सिंह, दिलबाग सिंह उर्फ बागा, गुरविंदर सिंह, महेश उर्फ भूरा आदि वहां पहुंचे थे। उक्त लोग उसके साथ मारपीट कर मिल के गेट का ताला तोड़कर सीज किए गए वाहन लूट ले गए।
सूचना पर उपनिरीक्षक संदीप ने हमलावरों का पीछा किया तो उन्होंने उनकी बाइक पर ट्रॉली चढ़ाकर उनकी हत्या का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज करते हुए दो ट्रैक्टर चालकों महेश व सोनू के अलावा गुरविंदर को गिरफ्तार कर लिया था। शेष पांच आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने न्यायालय से उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू व कुर्की नोटिस प्राप्त कर लिए थे। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना के आधार पर पुलिस ने चार फरार आरोपियों वैशाली कॉलोनी निवासी अमरजीत सिंह, जसविंदर सिंह, पलविंदर सिंह और हरजीत सिंह को धर दबोचा।
उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रैक्टर (यूपी 22 एएफ 2850) व ट्रॉली (यूके 18 सीए 3735) बरामद कर ली। सीओ राजेश भट्ट ने बताया कि एक आरोपी अजीतपुर निवासी दिलबाग सिंह उर्फ बागा फरार चल रहा है। उसके खिलाफ कोर्ट से कुर्की का नोटिस प्राप्त किया गया है। कोतवाल चंचल शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस टीम में एसएसआई बीएस बिष्ट, उपनिरीक्षक दिनेश फर्त्याल, दिनेश बल्लभ, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, राजू पुरी, देवेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, दीवान सिंह आदि शामिल रहे।