रुद्रपुर। दो पक्षों के बीच पथराव में जख्मी एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में शामिल अज्ञात लोगों को चिह्नित करने की कार्रवाई में जुटी है।
पांच जनवरी को आदर्श कॉलोनी में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद खूनी संघर्ष हुआ था। इस दौरान हुए पथराव में वार्ड नंबर 30 निवासी नेत्रपाल गुप्ता सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गए थे। बुधवार की रात नेत्रपाल की बरेली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में राजू, जौनी, संदीप और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। नेत्रपाल की मौत के बाद केस को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर दिया गया था।
शुक्रवार की रात पुलिस ने एक पक्ष के संदीप गुप्ता, उसके भाई रोहित और दूसरे पक्ष के राजू, उसके भाई जौनी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था। यहां से उनको गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस घटनास्थल में लगे सीसीटीवी फुटेल और मौके पर कुछ लोगों की ओर से बनाए गए वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों को चिह्नित करने की कार्रवाई कर रही है।