रुद्रपुर बाजार में फुटपाथ पर भरा बरसाती पानी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। लगातार बारिश के कारण बृहस्पतिवार को रुद्रपुर शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली कल्याणी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे नदी के किनारे के कुछ घरों के साथ ही मलिन बस्ती ट्रांजिट व जगतपुरा में भी कई मकानों में बरसाती पानी घुसने की समस्या सामने आई। जलस्तर बढ़ने से कल्याणी नदी के किनारे धोबी घाट का भी काफी हिस्सा डूब गया। जिलेेभर में कुल 41.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को जिले के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी व हल्की बारिश की संभावना जताई है।
शहर में बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण जगह-जगह जलभराव की समस्या रही। काशीपुर बाइपास, अग्रसेन चौक, डीडी चौक, गांधी पार्क, इंदिरा कालोनी, ट्रांजिट कैंप व जगतपुरा आदि जगहों पर जलभराव हुआ। मुख्य बाजार क्षेत्र में फुटपाथ से बरसाती पानी की निकासी न होने से भी जलभराव की समस्या खड़ी हुई। इंडेन गैस एजेंसी परिसर में दूसरे दिन भी जलभराव की समस्या रही। इधर, जलभराव के कारण गांधी पार्क में बच्चे बरसाती पानी में खेलते नजर आए। ओमेक्स कॉलोनी में कुछ जगहों पर जलभराव से लोग परेशान रहे। इसके अलावा कईं और कालोनियों में जलभराव से लोगों को दिक्कतें हुई। बारिश के कारण रोडवेज बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व देहरादून मार्ग की बसें एक से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले में तीन एमएम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है।
रुद्रपुर में लगातार बारिश से बढ़ा कल्याणी नदी का जलस्तर।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर विकास भवन में ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय में टपककर गिरा पानी।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर विकास भवन की दीवारों से रिसता पानी।- फोटो : RUDRAPUR