सितारगंज। राजकीय पीजी महाविद्यालय में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान मंगलवार को नकल का बड़ा मामला सामने आया। परीक्षा के दौरान पांच छात्र मोबाइल फोन के जरिये नकल करते हुए पकड़े गए। फ्लाइंग स्क्वाड की अचानक हुई चेकिंग से परीक्षा कक्षों में अफरा-तफरी मच गई। पकड़े गए छात्रों के खिलाफ नकल विरोधी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामला विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया गया है।
प्राचार्य डॉ. रेनू रानी बंसल ने बताया कि मंगलवार को सुबह की पाली में बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के गणित एवं वनस्पति विज्ञान विषय का बैक पेपर आयोजित किया गया था। वहीं, शाम की पाली में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की बैक परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय की फ्लाइंग टीम एवं महाविद्यालय प्रशासन ने संयुक्त रूप से परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान सुबह की पाली में चार परीक्षार्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए जबकि शाम की पाली में एक अन्य छात्र मोबाइल का उपयोग करते हुए मिला। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद छात्रों की ओर से नियमों की अनदेखी किए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए महाविद्यालय प्रशासन लगातार सतर्क है। सभी परीक्षार्थियों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूरी तरह वर्जित है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
महाविद्यालय प्रशासन ने पांचों छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर विश्वविद्यालय को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय स्तर से लिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही गई है।