फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: गैस सिलिंडर के रिसाव से तीन वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग झुलसे

Thu, 16 Apr 2026 02:36 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के एक घर में बुधवार सुबह रसोई गैस सिलिंडर के रिसाव से घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र में एक महीने में गैस रिसाव और आग की यह तीसरी घटना है।
विज्ञापन

ट्रांजिट कैंप के चामुंडा मंदिर वार्ड आठ स्थित एक किराये के कमरे में गैस रिसाव के कारण खाना बनाते समय आग लग गई। इस दौरान परिवार के चार सदस्य समेत एक पड़ोसी महिला आग की चपेट में आ गई। आग की सूचना से वहां अफरा-तफरी मच गई और अन्य किरायेदार मकान से बाहर आ गए।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह झुलसे लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है।
विज्ञापन

सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
पुलिस के अनुसार घर में गैस सिलिंडर लीक होने से आग लगी जिसकी चपेट में आने से देवकी (50), अनीता (30), संगीता देवी (21), पारुल (तीन) समेत एक अन्य महिला झुलस गईं। कुछ लोगों के 15 से 40 प्रतिशत तक झुलसने की पुष्टि हुई है जिनका इलाज जारी है।
ट्रांजिट कैंप में एक महीने में तीसरी घटना

ट्रांजिट कैंप में गैस सिलिंडर के लीक होने के कारण आग लगने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी 31 मार्च को गैस सिलिंडर लीक होने से मकान में आग लगी थी जिसमें परिवार के तीन लोग झुलस गए थे। इसके अलावा 26 मार्च को भी खाना बनाते समय सिलिंडर फट गया था और मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसमें चार युवक झुलसे थे।
छोटे सिलिंडर का उपयोग बन रहा हादसों का सबब
ट्रांजिट कैंप की अधिकांश आबादी किराये पर रहती है और अधिकतर लोग अपने घरों में छोटे सिलिंडर का उपयोग करते हैं। दमकल विभाग के अनुसार छोटे सिलिंडर अक्सर अनाधिकृत विक्रेताओं से खरीदे जाते हैं। इनकी धातु की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं होती। अधिक दबाव या आग के संपर्क में आने पर ये बड़े सिलिंडर की तुलना में जल्दी फट जाते हैं। सबसे ज्यादा हादसे तब होते हैं जब बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में अवैध रूप से गैस पलटी जाती है। इस प्रक्रिया में गैस रिसाव होने की संभावना बढ़ जाती है।



कोट-

प्रथम दृष्टया गैस सिलिंडर के रिसाव से ही आग लगने का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। लोगों से अपील की है कि रसोई गैस सिलिंडर और चूल्हे का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। - महेश चंद, एफएसओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें