खटीमा। ऊधम सिंह नगर दुग्ध उत्पादक संघ की प्रबंधक कमेटी के निदेशक पदों के लिए प्राप्त 16 नामांकन में से पांच खारिज हो गए। सोमवार को 11 वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई। इनमें से सात का निर्विरोध चुना जाना तय है। मंगलवार को नामांकन पत्रों की वापसी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
खटीमा से संगीता ज्याला, चकरपुर से भागीरथी, झनकट से सुनीता देवी, नानकमत्ता से नीमा देवी, बाजपुर से नीलम कोरंगा, गदरपुर से चंद्रशेखर और सितारंगज से प्रभा रावत का निदेशक पद पर चुना जाना तय हो गया है। रुद्रपुर से शेर सिंह व इंदर सिंह और काशीपुर से नवनीत सिंह व हरपाल सिंह दो-दो प्रत्याशी अभी चुनावी मैदान में हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. एबी पांडेय ने बताया कि प्रबंधन कमेटी के लिए 16 दावेदारों ने नामांकन किया था। आपत्तियों के निराकरण के बाद पांच नामांकन खारिज हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नामांकन वापसी है। 31 जनवरी को वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इधर, आपत्तियों के निराकरण के दौरान ऊधम सिंह नगर दुग्ध उत्पादक संघ कार्यालय के बाहर दिनभर प्रत्याशियों के समर्थक जुटे रहे।