पिथौरागढ़ में केएमवीएन की ओर से आदि कैलाश यात्रा शुरू हो गई है। आदि कैलाश यात्रा का पहला दल पिथौरागढ़ पहुंचा। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने यात्रियों को गुंजी के लिए रवाना किया। विभिन्न राज्यों से आए 20 यात्री भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए रवाना हुए।
दरअसल, एक मई से आदि कैलाश यात्रा शुरू हो चुकी है। केएमवीएन भी हर साल आदि कैलाश यात्रा कराता है। केएमवीएन की तरफ से शुरू हुई आदि कैलाश यात्रा का पहला दल बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ पहुंचा। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने यात्रियों को गुंजी के लिए रवाना करते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
पर्यटक आवास गृह के पूर्व प्रबंधक दिनेश गुरु रानी ने यात्रियों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्र में रोपने के लिए पौधे भेंट किए। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स के निदेशक लोकेश चंद और पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक उमेश पांडे और कार्मिकों ने यात्रियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।