रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में अमिक्रमण हटाने का विरोध करते लोग। वीडियोग्रफ
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में बृहस्पतिवार को नालों के ऊपर से अतिक्रमण को हटाने गई टीम का लोगों ने विरोध किया। इस बीच फुटपाथ पर लगी दुकानों का सामान जब्त कर लौट रही टीम की कार को लोगों ने रोक लिया। उनका कहना था कि सड़क पर हुए गड्ढों में लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। नगर निगम पहले सड़कें सही करे उसके बाद अतिक्रमण हटाने आए। लोगों को तीन दिन का अल्टीमेटम देने के बाद टीम जेसीबी लेकर बैरंग लौट गई।
नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर ट्रांजिट कैंप बाजार क्षेत्र में पहुंची। इसकी भनक लगते ही लोग घरों के बाहर जमा हो गए। नगर निगम प्रशासन का कहना था कि लोगों ने नालियों के ऊपर कब्जे किए हैं। जेसीबी को देख लोग आक्रोशित हो गए।
उनका कहना था कि क्षेत्र की सड़कों पर गड्ढे बने हैं उन्हें नगर निगम की टीम सही नहीं कर रही है। हंगामा बढ़ने पर टीम उन्हें तीन दिन में खुद अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम देकर आगे बढ़ी। इसके बाद फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त कर लौट रही टीम के वाहनाें को लोगों ने रास्ते में रोक लिया। कहा कि अस्थायी रूप से दुकान लगाकर वह अपना रोजगार कर रहे हैं। नगर निगम उन्हें बार-बार परेशान कर रहा है और सामान जब्त करना ठीक नहीं है।
-
मैं तुम्हारी शिकायत देहरादून तक करूंगा..
एक बुजुर्ग इस कदर भड़के कि उन्होंने देहरादून तक जाने की बात कह दी। बुजुर्ग का कहना था कि वह दुकान बंद करके घर खाना खाने गए थे। टीम आई और उनका सामान उठाकर ले गई।
वर्जन
अतिक्रमण के खिलाफ ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा था। घरों के आगे नालों के ऊपर से अतिक्रमण तोड़ना था। लोगों को बताया है कि तीन दिन में अपना अतिक्रमण खुद हटा लें नहीं तो दोबारा कार्रवाई की जाएगी। - शिप्रा जोशी, नगर आयुक्त, रुद्रपुर