खैर का पेड़ काटकर लट्ठे ले जा रहे तस्करों को जंगलात की टीम ने घेरा तो उन्होंने वन कर्मियों पर ताबड़तोड़ फायर कर दिए, जिससे एक वन कर्मी जख्मी हो गया। उसके बाद तस्कर बाइक और लट्ठे छोड़कर फरार हो गए। घायल को सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वन विभाग की ओर से एक नामजद समेत छह लकड़ी तस्करों के खिलाफ कालाढूंगी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शनिवार देर रात बरहैनी के श्मशान घाट के समीप जंगल में तस्करों ने खैर का पेड़ काट दिया। वे बाइक पर लट्ठे रखकर ले जा रहे थे। इस बीच वन विभाग की गश्ती टीम ने उनकी घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख तस्करों ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छर्रे लगने से (दैनिक वेतनभोगी) प्लाटेंशन रक्षक संदीप सिंह उर्फ पाला पुत्र जंगीर सिंह निवासी गांव हुलसनगंज घायल हो गया। बताया जा रहा है कि जवाब में वन कर्मियों ने भी हवाई फायर किए, जिससे तस्करों के पैर उखड़ गए और वे बाइक और लट्ठे छोड़कर फरार हो गए। वन कर्मचारियों ने तस्कर देशराज उर्फ देशी निवासी गांव जमरान को पहचान लिया। उसके साथ पांच अन्य तस्कर भी थे। टीम ने उनकी तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। उसके बाद चार लट्ठे और तीनों बाइकें कब्जे में ले लीं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल वन कर्मी संदीप सिंह को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
इधर, घटना की तहरीर बरहैनी रेंज के बीट अधिकारी शेर सिंह बोहरा ने कालाढूंगी थानेे में दी है। बरहैनी वन क्षेत्राधिकारी हरीश राम आर्य ने बताया कि सहयोग के लिए बन्नाखेड़ा रेंज से कर्मियों को बुलाकर घेराबंदी की गई थी। मौके से एक खोखा भी मिला है। बाइकों पर नंबर प्लेट नहीं हैं।