गदरपुर। भूसा बनाने के दौरान रैपर से निकली चिंगारी से भड़की आग से ट्राली का भूसा जल गया। आग की लपटों से पॉपलर के सैकड़ों पेड़ भी झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
ग्राम बुक्सौरा निवासी राजेंद्र कुमार अपने ट्रैक्टर और रैपर से ग्राम रामकोट नंबर छह में रमेश सैनी के खेत में भूसा बनाने आया था। शाम करीब चार बजे रैपर से निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। हवा की तीव्रता के चलते आग भड़क उठी और भूसे से भरी ट्राली को अपनी चपेट में ले लिया। ट्राॅली में आग की लपटें उठने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से रैपर को ट्राली से अलग किया और आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग की लपटों से किसान राकेश कुमार के खेत में लगे पॉपलर के करीब तीन सौ से अधिक पेड़ झुलस गए। ट्राॅली के आग की चपेट में आने से राजेंद्र कुमार को भी नुकसान हुआ है।