रुद्रपुर एलाइंस कालोनी में आग लगने के बाद फटा सिलिंडर।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। शहर की पॉश एलाइंस कॉलोनी में सोमवार शाम को प्रधानाचार्य के बंद घर में आग लग गई और सिलिंडर में विस्फोट हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान काफी घरेलू सामान जल गया।
एलाइंस कॉलोनी जी-87 निवासी आमोद सक्सेना जीआईसी चुटकी देवरिया में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को आमोद परिवार के साथ नैनीताल घूमने गए थे। इधर शाम करीब छह बजे शॉर्टसर्किट से उनके घर में आग लग गई। जब तक आसपास के लोग समझते तब तक आग लॉबी में रखे सिलिंडर तक पहुंच गई और वहां विस्फोट गया।
विस्फोट की आवाज सुनकर लोगों में हड़कंप मच गया। विस्फोट के चलते घर की कुछ दीवारों में दरारें आ गई और टाइल्स आदि टूट गईं। सूचना पर फायर विभाग की दो गाड़ियां वहां पहुंची। इत्तेफाक से घर की चाबी पड़ोसी के पास थी जिससे आसानी से घर का दरवाजा खोल लिया गया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित कई लोग पहुंचे। इस दौरान घर में रखी वाशिंग मशीन सहित कई घरेलू सामान जल गया। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि एसी ऑन होने से शॉर्टसर्किट हुआ था।
रम्पुरा में आग लगने से जला घरेलू सामान
रुद्रपुर। रम्पुरा के एक घर में सोमवार दोपहर को आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। सिडकुल श्रमिक अभिषेक गुप्ता रम्पुरा में किराये के मकान में रहते हैं। सोमवार दोपहर शॉर्टसर्किट की वजह से उनके घर आग लग गई। सूचना पर फायर दरोगा दया किशन पलड़िया दमकल की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से अभिषेक के कमरे में रखा फ्रीज, पंखा सहित कई घरेलू सामान जल गया। दमकल कर्मियों का कहना है कि तारों की वायरिंग सही नहीं होने से शॉर्टसर्किट हो गया था। संवाद