रुद्रपुर में रामपुर रोड पर आग से जला कंटेनर।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से बिस्कुट की पेटियां लेकर आ रहे कंटेनर में शनिवार रात रामपुर रोड पर हाइटेंशन लाइन के करेंट से आग लग गई। आग लगने से ट्रक के सभी टायर सहित उसमें रखे लाखों के बिस्कुट भी जल गए। सूचना पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू किया।
आनंदा रोडलाइन का कंटेनर एचआर-38पी/9176 शनिवार सुबह ब्रिटानिया कंपनी के बिस्कुट की 1729 पेटियां लेकर दिल्ली से हल्द्वानी के लिए चला था। रात करीब 12 बजे चालक हाथरस निवासी अवधेश ने वाहन को बिलासपुर रोड पर रामपुर जिले में आरएएन स्कूल के पास हाइटेंशन लाइन के नीचे खड़ा कर दिया। कंटेनर को पार्क करते समय हाइटेंशन लाइन कंटेनर से जा लगी।
जोरदार धमाका होने पर चालक अवधेश ने कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कंटेनर के सभी टायर धू-धूकर जलने लगे। कुछ ही पल में कंटेनर के भीतर भी आग धधक उठी। हाइवे के किनारे कंटेनर को आग की लपटों में घिरा देख वहां मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर रात एक बजे दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अनुमान है।
सिरौलीकलां में लगी आग से घर का सारा सामाज राख
किच्छा। ग्राम सिरौलीकलां में लगी आग से एक घर का सारा सामान जल गया। अग्निकांड से छह लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। ग्राम सिरौलीकलां निवासी जाकिर मलिक पेंटर के परिजन रविवार सुबह किसी रिश्तेदारी में गए थे। बताया गया कि बिजली के शॉर्टसर्किट से अचानक घर पर आग लग गई। घर से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया। सूचना पर मुहल्ले वाले और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि घर में रखा एलईडी, बिस्तर, कपड़े, कूलर, सोफा समेत सब कुछ जल गया। आग से परिजनों ने 5-6 लाख का नुकसान होना बताया है।