खटीमा। आग की घटनाओं के प्रति संवेदनशील होने के बावजूद खटीमा में अग्निशमन विभाग का कार्यालय पिछले करीब दो सालों से ब्लॉक कार्यालय परिसर में टिनशेड और दो कमरों में चल रहा है। जबकि कार्यालय के भवन के लिए विभाग को 0.252 हेक्टेयर भूमि मिल चुकी है।
खटीमा कोतवाली में वर्ष 1987 से चल रहे अग्निशमन कार्यालय का भवन जर्जर होने के कारण पिछले करीब दो साल पहले धवस्त किया गया था, जिसके बाद से अग्निशमन कार्यालय को ब्लॉक कार्यालय परिसर में शिफ्ट कर दिया गया था। जहां वर्तमान में कार्यालय में दो कमरों होने के अलावा टिनशेड का एक कक्ष बनाया गया है। अग्निशमन अधिकारी लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि सबसे अधिक समस्या कार्यालय में कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा न होने के कारण हो रही है। कर्मचारी किराए पर दूसरे स्थानों पर रहते हैं, जिस कारण कभी रात के समय आग लगने की घटनाएं घटने पर कर्मचारियों को पहुंचने में काफी समय लग जाता है।
खटीमा में अग्निशमन कार्यालय बनाने के लिए तैयार की गई डीपीआर को शासन भेज दी गई है। कार्यालय के लिए भूमि पहले से ही उपलब्ध है। शासन स्तर पर निर्णय के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा। -
इशान कटारिया, सीएफओ, ऊधम सिंह नगर।