विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने किया जमकर हंगामा,
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। आवास विकास चौकी क्षेत्र में स्थित एएसडीआर होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान होटल के कमरों से तीन युवकों और होटल संचालक-कर्मचारी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। होटल में तीन नाबालिग लड़कियां भी थी। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर हंगामा किया और अनैतिक गतिविधियों होने का आरोप लगाते हुए होटल को बंद करने की मांग की।
बृहस्पतिवार दोपहर आवास विकास पुलिस को रविंद्र नगर में मौजूद होटल एएसडीआर में नाबालिग लड़कियाें के होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने औचक निरीक्षण किया। इससे होटल प्रबंधन और कमरे में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने कमरों में मौजूद करीब 15 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया और उनके आईडी कार्ड जांचे। इसके बाद लड़कों और लड़कियों से अलग-अलग पूछताछ की गई।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी ने भी होटल के रजिस्टर जांचा। होटल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि होटल में दिनभर युवक-युवतियों को आना जाना लगा रहता है और होटल में घंटे के हिसाब से कमरा मिलता है। होटल में अनैतिक गतिविधियां होती हैं। इस दौरान होटल के नजदीक रहने वाले अधिवक्ता एके तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर शर्ट फाड़ने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी ने पहुंच कर सभी को शांत कराया। पुलिस सभी युवक-युवतियों को आवास विकास चौकी ले गई। पुलिस ने होटल संचालक दिल्ली निवासी आरेंद्र कुमार सिंह, कर्मचारी जगदीश को देह व्यापार अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया। तीन नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़े गए युवक शहर निवासी इस्लाम, विपिन और उत्तम को पॉक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सभी पांच आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने अन्य सभी युवक युवतियों की जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया है।
एक साल पहले भी पुलिस ने की थी कार्रवाई
रुद्रपुर। चार जुलाई 2022 को भी पुलिस ने एएसडीआर होटल में छापा मारा था लेकिन तब होटल में मौजूद अधिकतर युवक-युवतियां पिछले हिस्से से फरार हो गए थे। तब पुलिस ने 10 युवतियों को समेत 20 लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया था। इसके अलावा पुलिस ने होटल को सीज करने की भी बात की थी लेकिन होटल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। होटल के आसपास के लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। संवाद
रुद्रपुर के एएसडीआर होटल कार्यवाही करती पुलिस टीम।