किच्छा। पुलभट्टा थाने के ग्राम शहदौरा की नई बस्ती में एक घर में आग लगने से सामान जलकर राख हो गया। आग में एक मवेशी की जलकर मौत हो गई और तीन मवेशी झुलस गए। ग्राम शहदौरा नई बस्ती निवासी रिफाकत हुसैन के घर में बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक आग लग गई। घर से धुआं उठने के बाद तेज हवा के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग से एक मवेशी की मौत हो गई और तीन बुरी तरह झुलस गए। लोगों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक रिफाकत का सभी सामान जल चुका था। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। संवाद