बाजपुर। कोर्ट के आदेश पर उधार की रकम नहीं देने और महिला को पीटने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
यूपी के गांव रतनपुर रामपुर निवासी मो. यासीन ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि पांच महीने पहले एक व्यक्ति को उसने दो लाख रुपये उधार दिए थे। आरोपी ने 17 अगस्त 2025 को गांव हरिपुरा हरसान डोबाल फार्म पर रकम देने के लिए बुलाया। आरोप है कि उसने साथियों के साथ उसे पीट दिया और उसकी जेब से 62,000 रुपये भी छीन लिए। इसक बाद धमकी देकर भाग गए। उसने स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सीओ विभव सैनी ने बताया कि आरोपी नूर अहमद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दूसरे मामले में नगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि बीते 23 नवंबर को उसकी पत्नी बाजार जा रही थी। तभी कुछ लोगों ने उससे गालीगलौज की और उसकी पत्नी के कपड़े भी फाड़ दिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे पीट दिया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। सीओ विभव सैनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिसुजलवा, दीपू, शानू, दर्शन सिंह, किरन, कुमकुम, आदित्य चानना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद