रुद्रपुर। संजय वन के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार तीन अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने जान से मारने की कोशिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस इस मामले में भागे एक अभियुक्त की तलाश कर रही है।
पंतनगर थाने में दर्ज कराए केस में थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने कहा कि 19 नवम्बर को क्षेत्र में लूट की वारदात हुई थी। इसके बाद पुलिस अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। बुधवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि इस घटना में शामिल अभियुक्त संजय वन क्षेत्र में पार्टी करने पहुंचे हैं। पुलिस की दो टीमों ने अभियुक्तों की घेराबंदी कर ली थी। खुद को घिरता देख अभियुक्तों ने 12 बोर के तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिए थे।
पुलिस कर्मियों ने पेड़ के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। जवाब में पुलिस ने भी फायर किए थे। इसमें वार्ड नंबर 13, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर निवासी अरमान उर्फ मुन्ना और मोहम्मद रेहान घायल हो गए थे। मूलरूप से शेरगढ़, बरेली व हाल नीलकंठ कालोनी, लालपुर निवासी सुमित गंगवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि तीनों के खिलाफ प्राथमिकी कर ली गई है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है।