पंतनगर। 21 मई को शहर के एक प्रतिष्ठित होटल के सुरक्षा गार्ड ने अटरिया रोड स्थित किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतक के भाई ने बदायूं निवासी पति-पत्नी पर ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भटौली थाना बिनावर जिला बदायूं (यूपी) निवासी सर्वेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई अजीत सिंह दो माह से रुद्रपुर के प्रतिष्ठित होटल में सुरक्षा गार्ड पद पर तैनात था और अटरिया रोड पर किराए के कमरे में रहता था। अजीत को सिविल लाइंस बदायूं की रहने वाली रीना ने अपने पति प्रमोद के सहयोग से प्रेमजाल में फंसा लिया और उसकी सारी कमाई ब्लैकमेल कर हड़प रही थी। दो माह पूर्व अजीत सिंह ने बताया था कि वह एक मुसीबत में फंस गया है और उसे दो लाख रुपये की आवश्यकता है। इस पर उसने अपने और दोस्तों के अकाउंट से दो लाख रुपये भेजे थे। रीना आए दिन अजीत से अपनी नाजायज मांगें मनवाती थी और नहीं मानने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। इसमें उसका पति प्रमोद भी शामिल था। 21 मई को शाम 6:30 बजे उसे सूचना मिली कि आत्महत्या कर ली है। सुसाइड नोट में उसने रीना व प्रमोद को मौत का जिम्मेदार बताया है।