काशीपुर। एक युवक ने फैक्टरी मालिक व उसके सहकर्मियों पर अपने पिता की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूपी के जिला बुलंदशहर ग्राम सैदपुरा, औरंगाबाद निवासी रिंकू कुमार पुत्र कर्मवीर सिंह ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपी है। इसमें बताया कि उसके पिता कर्मवीर सिंह (48) पुत्र रंजीत सिंह कुछ दिन पूर्व गांव के ही निवासी अपरान्त (22) पुत्र योगेंद्र सिंह के साथ तोशा इंटरनेशनल प्रा. लि. महुआखेड़ा गंज पैगा में कार्य करने के लिए आए थे।
रिंकू ने बताया कि 28 दिसंबर को धर्मेंद्र ने सूचना दी कि तुम्हारे पिता का शव तोशा इंटरनेशनल प्रा. लि. महुआखेड़ा गंज पैगा के गेट पर पड़ा है। उसने पिता के साथ गए अपरान्त के मोबाइल पर कॉल किया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। बताया उसके गांव के निवासी अजीत ने अपरान्त को फोन किया तो उसने उसकी कॉल रिसीव कर ली। वहीं, पिता की मौत की सूचना देने वाले धर्मेंद्र ने यह भी बताया कि यह कंपनी काफी समय से बंद पड़ी है।
रिंकू ने कहा कि उसे संदेह है कि उसके पिता को फैक्टरी मालिक और उनके सहकर्मियों व उसके पिता के साथ आए अपरान्त ने रंजिशन हत्या कर दी है। मामले की जांच थानाध्यक्ष आईटीआई कुंदन सिंह कर रहे हैं।