फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: नमाज पढ़ रहे व्यक्ति से मारपीट प्रकरण में अटरिया मंदिर के सचिव सहित अज्ञात पर प्राथमिकी

Wed, 25 Feb 2026 11:23 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पंतनगर। क्षेत्र में नमाज पढ़ रहे एक व्यक्ति के साथ सामूहिक मारपीट, गालीगलौज और जबरन धार्मिक नारे लगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी अटरिया मंदिर समिति का सचिव अरविंद शर्मा और उसके साथी बताए जा रहे हैं। एसएचओ पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर अरविंद शर्मा और अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


वार्ड नंबर-13 रेशमबाड़ी रुद्रपुर निवासी शाहिद (55) ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि बीते मंगलवार को रुद्रपुर क्षेत्र में एक खाली स्थान पर वह नमाज पढ़ रहा था। इस दौरान वहां पहुंचे अरविंद शर्मा और उसके साथियों ने उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट की। इतना ही नहीं उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट है कि यह कृत्य अरविंद शर्मा नामक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से किया है। पीड़ित ने कहा कि यह कानून, धार्मिक स्वतंत्रता एवं सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला है। इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

कोट
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें समुदाय विशेष के व्यक्ति से कुछ लोग अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं। मामले में तहरीर प्राप्त हुई है जिसके बाद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मामले में दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - जितेंद्र चौधरी, एसपी क्राइम यूएस नगर
..........
वायरल वीडियो से मुस्लिम समाज में रोष, पुलिस को सौंपा ज्ञापन

गदरपुर। रुद्रपुर क्षेत्र में नमाज अदा कर रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना को लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश है। घटना के विरोध में बीती रात गदरपुर के मुस्लिम समाज के लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

आजाद समाज पार्टी के टोनी पठान का कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में इस प्रकार की घटनाएं आपसी सौहार्द को प्रभावित करती हैं। फैजान खान और शाकिर अली ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी इबादत या पूजा-पाठ के दौरान इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में मुजम्मिल हुसैन, मो. अशरफ, फरमान अली, मो. यासीन, शाहरुख खान, रिजवान कुरैशी, फईम, नौशाद अली थे। संवाद
फोटो 10-गदरपुर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ ज्ञापन देने पहुंचे मुस्लिम समाज के लोग। संवाद

धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर। वार्ड-13 के पार्षद समेत कई लोगों ने एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात कर धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पार्षद अशफाक अंसारी, सामाजिक कार्यकर्ता सोफिया नाज, फरमान सिद्दीकी समेत कई लोगों ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि बीते मंगलवार को नगर में विचलित करने वाली घटना सामने आई। न्यू शक्ति विहार काॅलोनी निवासी नमाजी शाहिद के साथ नमाज अदा करने के दौरान अमानवीय ढंग से मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में मुस्लिम समाज के लोगों को निश्चित समय पर नमाज अदा करनी होती है। वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर शाहिद कार्यस्थल के एक कोने में नमाज अदा कर रहा था। अटरिया मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा। जबरन धार्मिक नारे लगवाने का प्रयास किया। उन्होंने मांग की कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। वायरल वीडियो को डिजिटल साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा जाए। पीड़ित बुजुर्ग को सुरक्षा देने के साथ ही चिकित्सीय सहायता और कानूनी संरक्षण देने की मांग भी की गई। एसएसपी ने मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। संवाद

विधायक ने मामले को लैंड जिहाद से जोड़ा
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने अटरिया देवी मंदिर क्षेत्र में मना करने के बाद भी नमाज अदा करने को लैंड जिहाद बताया है। विधायक ने बयान जारी कर कहा है कि निजी जमीन पर लगातार तीन दिन तक मना करने के बावजूद चौथे दिन भी नमाज पढ़ना कहीं ना कहीं लैंड जिहाद को बढ़ावा देना प्रतीत होता है। विधायक ने कहा कि ऐसे कार्य को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने कहा है कि उस जगह से महज 500 मीटर की दूरी पर जगतपुरा क्षेत्र में मस्जिद है। वहां नमाज पढ़ी जा सकती थी या अन्य व्यक्तिगत जगह पर नमाज पढ़ी जा सकती थी। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें