उकरौली-साधूनगर कैलाश नदी में अवैध खनन का बड़ा खेल उजागर हुआ है। एसडीएम ने छापा मारकर करीब नौ हजार घनमीटर उपखनिज का स्टाक बरामद किया है। एसडीएम ने छह खनन माफिया पर एक करोड़ का जुर्माना लगाया है।
रविवार की रात करीब दस बजे उपजिलाधिकारी अनिल शुक्ला ने राजस्व विभाग की टीम के साथ उकरौली कैलाश नदी क्षेत्र में छापेमारी की। इससे माफिया में हड़कंप मच गया और नदी में भगदड़ मच गई।
एसडीएम शुक्ला ने बताया नदी से अवैध खनन कर छह माफियाओं ने बालाजी कंपनी के पीछे उपखनिज का स्टाक लगा रखा था। जांच करने पर करीब नौ हजार घनमीटर उपखनिज अवैध रूप से स्टाक लगा पाया।
स्टाक के माल को कब्जे में ले लिया और छह माफिया के खिलाफ एक करोड़ के जुर्माने की वसूली की रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता को भेजी है। बताया नदी से अवैध खनन कर आ रहे एक डंपर व दो ट्रकों को भी खनन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
कहा कि नदी में अवैध खनन किसी हाल में नहीं होने दिया जाएगा। वहां पर तहसीलदार रमेश चंद्र गौतम, कानूनगो मोहर गिरी गोस्वामी, पटवारी राम अवतार आदि थे।