खटीमा। नानक सागर डैम के रिसाव वाले पानी के कारण साठा धान लगाने की अनुमति को लेकर बृहस्पतिवार को ग्राम जंगल जोगीठेर के किसानों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। एसडीएम तुषार सैनी को ज्ञापन देते हुए किसानों ने कहा कि उनका ग्राम क्षेत्र नानक सागर डैम के किनारे स्थित है। डैम से होने वाले पानी के रिसाव के कारण खेतों में वर्षभर पानी भरा रहता है, जिससे भारी मात्रा में फसल नष्ट हो जाती है। इससे किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
वर्तमान में करीब 200 एकड़ रकबे में पानी है, जिस कारण किसान गेहूं की फसल बोने में असमर्थ हैं। खेतों में अत्यधिक नमी और जलभराव की स्थिति बनी रहने से सामान्य रबी की फसल की बुवाई संभव नहीं हो पा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से सर्वे कराकर वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए साठा धान लगाने की अनुमति देने की मांग की। वहां कुलदीप सिंह, गुरदेव सिंह, पलविंदर सिंह, महेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह विक्की आदि थे।